आईआईएम विशाखापत्तनम द्वारा एपीईपीडीसीएल के अधिकारियों हेतु वित्तीय एवं प्रबंधकीय लेखांकन कार्यक्रम का आयोजन
भारतीय प्रबंधन संस्थान विशाखापत्तनम (आईआईएमवी) द्वारा आंध्र प्रदेश ईस्टर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (APEPDCL) के 30 अधिकारियों के लिए “वित्तीय एवं प्रबंधकीय लेखांकन” (Financial and Managerial Accounting) विषय पर पाँच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme) का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत उपयोगिता क्षेत्र (Utility Sector) के पेशेवरों की वित्तीय एवं प्रबंधकीय दक्षताओं को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत लेखांकन की मूलभूत अवधारणाएँ, वित्तीय विवरणों का विश्लेषण, राजस्व मान्यता, मूल्यह्रास एवं परिसंपत्ति प्रबंधन, विनियामक लेखांकन, वस्तु एवं सेवा कर (GST) तथा आयकर, लागत लेखांकन, बजट निर्माण, सततता प्रतिवेदन (Sustainability Reporting), पर्यावरण, सामाजिक एवं शासन (ESG) रूपरेखाएँ तथा विद्युत बाजारों के भविष्य में सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम निदेशक प्रो. विकास सांगवान तथा सह-कार्यक्रम निदेशक प्रो. तमाली चक्रवर्ती के नेतृत्व में संचालित यह कार्यक्रम व्याख्यानों, अध्ययन-प्रकरणों (Case Studies) एवं व्यावहारिक अभ्यासों का समन्वित स्वरूप प्रस्तुत करता है, जिससे प्रतिभागियों की वित्तीय निर्णय-निर्माण क्षमता तथा परिचालन प्रभावशीलता को सुदृढ़ किया जा सके।
यह पहल उद्योग जगत के पेशेवरों के लिए कार्यकारी शिक्षा एवं क्षमता निर्माण के प्रति आईआईएम विशाखापत्तनम की सतत प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।
एएसीएसबी (AACSB) का सदस्य तथा यूनाइटेड किंगडम स्थित बिजनेस ग्रेजुएट्स एसोसिएशन (BGA) से पाँच वर्षों के लिए प्रत्यायित संस्थान के रूप में आईआईएम विशाखापत्तनम प्रभावशाली प्रबंधन शिक्षा, उत्तरदायी नेतृत्व एवं उद्योगोन्मुख अधिगम को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


